दुखदः बुआ को भिटौली देने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत! पत्नी भी हुई चोटिल, एक साल पहले ही हुआ था विवाह

Sad: A young man going to give his aunt a gift died in a road accident! His wife also got injured, they had got married just a year ago

चमोली। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम चमोली के थराली विकासखण्ड से सामने आया है। यहां नैल गांव निवासी एक युवक की बाइक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गयी। हादसे के बाद गांव मंे मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 29 वर्षीय दीपक जोशी अपनी बुआ को भिटौली देने अपनी धर्मपत्नी के साथ बाइक से थराली गांव जा रहा था, तभी प्राणमति पुल से पहले ही मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिसमें दोनों दम्पति खाई की ओर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लायी, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं युवक की पत्नी 23 वर्षीय मोनिका को हल्की चोटें आई हैं जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में चल रहा है। मृतक दीपक भारतीय सेना का जवान बताया जा रहा है जो जोशीमठ में तैनात था। बताया जाता है कि दीपक कुछ समय पहले ही छुट्टी पर घर आया था और एक साल पहले ही उसका विवाह हुआ था। थानाध्यक्ष थराली पंकज कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बाइक दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई और घायल अवस्था में दम्पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाया गया, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक युवक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक दुर्घटना में युवक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।