रुद्रपुरः पूर्व विधायक ठुकराल और उनके भाई संजय ठुकराल ने वापस लिया नामांकन! फिर गरमाई सियासत, क्या होगा अगला कदम?

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में निकाय चुनाव को लेकर सियासत पूरी तरह गरमाई हुई है। इस दौरान जहां राजनीतिक दलों से जुड़े प्रत्याशी चुनावी मैदान में जोर-शोर से उतर चुके हैं वहीं जोड़-तोड़ की सियासत भी चल रही है। इस बीच आज निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके भाई संजय ठुकराल ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है, जिसके बाद शहर की राजनीति में खासी हलचल देखने को मिल रही है। दरअसल एक दिन पहले ही राजकुमार ठुकराल राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले थे। जिसके बाद से ही उम्मीद जताई जा रही थी कि ठुकराल और उनके भाई संजय ठुकराल चुनाव नहीं लड़ेंगे। हांलाकि इस मामले में आज राजकुमार ठुकराल ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों की आवाज और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अपना नामांकन वापस लिया है। लेकिन ठुकराल ने आगे के घटनाक्रम को मीडिया से भी गोपनीय रखा। उन्होंने फिर ‘कल’ पर बात टालते हुए सियासी तड़का लगा दिया है। ऐसे में लोग उनका अगला कदम क्या होगा, इसको जानने के लिए उत्सुक हैं। फिलहाल ठुकराल के नामांकन वापस लेने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।