वॉशिंगटन/न्यूयॉर्क: दुनिया के सबसे चर्चित और विवादित मामलों में से एक, जेफ्री एपस्टिन की मौत को लेकर एक बार फिर वैश्विक स्तर पर हड़कंप मच गया है। ताजा फॉरेंसिक रिपोर्ट और 'एपस्टिन फाइल्स' से जुड़े नए दस्तावेजों ने इस मामले में एक नया और बेहद सनसनीखेज मोड़ ला दिया है। तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय फॉरेंसिक और वैज्ञानिक विशेषज्ञों—माइकल फ्रीमैन (फॉरेंसिक वैज्ञानिक), एंडर्स एरिक्सन (फॉरेंसिक पैथोलॉजिस्ट) और इटिएल ड्रोर (संज्ञानात्मक वैज्ञानिक) ने एक संयुक्त जांच के बाद दावा किया है कि साल 2019 में जेल के अंदर जेफ्री एपस्टिन की मौत 'आत्महत्या' नहीं, बल्कि 'गला घोंटकर की गई हत्या (Homicidal Strangulation)' थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि उस वक्त मेडिकल जांचकर्ताओं ने एपस्टिन के शरीर पर मौजूद गंभीर चोटों को नजरअंदाज किया, जो स्पष्ट रूप से किसी दूसरे द्वारा गला दबाए जाने की ओर इशारा करती हैं। रिपोर्ट में जेल सुरक्षा और उस दौरान ड्यूटी पर मौजूद प्रहरियों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। यह अंदेशा जताया गया है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए साक्ष्यों और घटनास्थल के साथ छेड़छाड़ की गई थी।
इस खुलासे के बाद अमेरिका में राजनीतिक और कानूनी घमासान तेज हो गया है। हाल ही में पारित 'एपस्टिन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट' के तहत लाखों पन्नों के दस्तावेज पहले ही सार्वजनिक हो रहे थे, लेकिन इस नए वैज्ञानिक दावे ने मामले को पूरी तरह से पलट दिया है। विपक्ष और मानवाधिकार संगठन अब तत्कालीन जांच एजेंसियों और रसूखदार हस्तियों के खिलाफ नए सिरे से जांच की मांग कर रहे हैं। इस खुलासे ने उन सभी शक्तिशाली वैश्विक नेताओं, बिजनेसमैन और सेलिब्रिटीज की धड़कनें बढ़ा दी हैं, जिनके नाम एपस्टिन की फाइलों से जुड़े रहे हैं। क्या सच में यह एक बड़ी साजिश थी? इस सवाल ने एक बार फिर पूरी दुनिया का ध्यान इस रहस्यमयी मामले की ओर खींच लिया है।






