नैनीताल:लोअर मॉल रोड की धीमी रफ्तार पर होटल एसोसिएशन ने जताई चिंता,डीएम से वार्ता कर सौंपा ज्ञापन,पुनीत टंडन के प्रोटेस्ट को दिया समर्थन!
नैनीताल। लोअर मॉल रोड के निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और अपर मॉल रोड पर सामने आई दरारों को लेकर अब नैनीताल होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन (NHRA) ने भी चिंता जताई है। एसोसिएशन की ओर से दिग्विजय सिंह बिष्ट और वेद साह ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एडीएम विवेक रॉय से वार्ता कर ज्ञापन देते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि नैनीताल विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से लाखों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति और लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य का सीधा असर पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि लोअर मॉल रोड का एक हिस्सा करीब आठ वर्षों से क्षतिग्रस्त है। पिछले एक वर्ष से अधिक समय से यहां निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन इसकी गति बेहद धीमी है और अभी तक काम पूरा होने की कोई निश्चित Deadline तय नहीं की गई है। इससे पहले भी प्रशासन से इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि डीएम से जब वार्ता हुई तो डीएम ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग को दो किश्तों में पूरा पैसा रिलीज कर दिया है। जल्द ही काम पूरा किया जाएगा
अपर मॉल रोड की दरारों ने बढ़ाई चिंता
बता दें कि होटल एसोसिएशन ने लोअर मॉल रोड के निर्माण के दौरान अपर मॉल रोड और लोअर मॉल रोड पर सामने आई दरारों को भी गंभीर विषय बताया।

एसोसिएशन ने कहा कि मौजूदा स्थिति से शहर की व्यवस्था और अर्थव्यवस्था दोनों प्रभावित हो रही हैं। माल रोड पर यातायात प्रभावित होने और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के कारण पर्यटकों को असुविधा हो रही है। इसका असर नैनीताल की पर्यटन छवि के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी पड़ रहा है।
पुनीत टंडन के धरने का भी ज्ञापन में जिक्र
ज्ञापन में मां नैना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन के धरने का भी उल्लेख किया गया है। एसोसिएशन ने कहा कि व्यापारी लंबे समय से चली आ रही धीमी कार्यप्रणाली और प्रशासनिक देरी के विरोध में धरने पर बैठे हैं।
NHRA ने जिलाधिकारी से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, अपर मॉल रोड पर आई दरारों और संभावित खतरे की तत्काल Technical Inspection कराई जाए, ताकि भविष्य में सड़क को और नुकसान होने से रोका जा सके।
दूसरी, लोअर मॉल रोड के निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए जाएं और काम की निश्चित समय-सीमा तय की जाए।
तीसरी, धरने पर बैठे पुनीत टंडन और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का उचित आश्वासन दिया जाए, ताकि धरना समाप्त कराया जा सके।
होटल एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि अब पैसा रिलीज होने के बाद काम में फुर्ती आएगी।