नैनीताल। नैनीताल जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां नैनीताल दुग्ध संघ के लालकुआं स्थित प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। इस दौरान कई कर्मचारी गैस की चपेट में आ गए। आनन-फानन कर्मचारियों को इलाज के लिए हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

बताया जाता है कि गैस रिसाव के चलते 8 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। वहीं कई सारे गैस रिसाव से पीड़ित कुछ कर्मचारी हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां सभी की स्थिति ठीक है। इधर प्लांट को बंद कर दिया गया है। यह घटना सुबह की बताई जा रही है, एसडीएम परितोष वर्मा ने कहा की गैस का रिसाव कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है।

उन्होंने खुद बेस हॉस्पिटल जाकर घायलों का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। वहीं बेस हॉस्पिटल की सीएमएस सविता ह्यांकी ने कहा घायलों का इलाज चल रहा है सभी पूरी तरह से ठीक है स्थिति नियंत्रण में है। कुछ लोगों को छुट्टी दे दी गई है।