मन की बात: ISRO की सफलता से लेकर AI तक का जिक्र! महिला दिवस पर करेंगे खास पहल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बार फिर 'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के एतिहासिक महत्व के साथ-साथ अलग-अलग विषयों और मुद्दों पर अपने विचार रखे। इसका प्रसारण रेडियो, दूरदर्शन समेत कई अन्य चैनलों पर सुना गया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए इसरो की सफलता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले महीने देश इसरो के 100 वें लॉन्चिंग का साक्षी बना। यह केवल एक नंबर नहीं है, बल्कि इससे स्पेस साइंस में नित नई ऊंचाईयों को छूने के हमारे संकल्प का भी पता चलता है। उन्होंने कहा कि इसरो की सफलताओं का दायरा काफी बड़ा रहा है। बीते 10 वर्षों में ही करीब 460 सैटेलाइट लॉन्च की गई हैं और इसमें दूसरे देशों की बहुत सारी सैटेलाइट्स शामिल हैं। हाला के वर्षों में स्पेस विज्ञान में हमारी टीम में नारी शक्ति की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल ही में, मैं AI के एक बड़े सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पेरिस गया था। वहां दुनिया ने इस क्षेत्र में भारत की प्रगति की खूब सराहना की। हमारे देश के लोग आज AI का उपयोग किस-किस तरह से कर रहे हैं, इसके उदाहरण भी हमें देखने को मिल रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस बार महिला दिवस पर मैं एक ऐसी पहल करने जा रहा हूं, जो हमारी नारी शक्ति को समर्पित होगी। इस विशेष अवसर पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट को एक दिन के लिए उनको सौंपने जा रहा हूं। ऐसी महिलाएं जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं, एक अलग पहचान बनाई है, 8 मार्च को वे अपने कार्य और अनुभवों को देशवासियों के साथ शेयर करेंगी।