माणा हिमस्खलनः मजदूर ने सुनाई आपबीती! अचानक सुनाई दी गड़गड़ाहट की आवाज और लोग चिल्लाने लगे भागो-भागो, तभी टूट पड़ा बर्फ का...

देहरादून। चमोली के माणा में शुक्रवार को हुए हिमस्खलन के बाद रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। इस दौरान कई टीमें रेस्क्यू में जुटी हुई हैं। अब तक 50 मजदूरों का रेस्क्यू कर लिया गया है। इनमें से चार लोगों की मौत हो गई है और पांच लोगों की तलाश अभी भी जारी है। बता दें कि शुक्रवार को बर्फ का एक पहाड़ अचानक खिसक गया, जिसकी चपेट में 55 लोग आ गए थे। इस बीच हिमस्खलन का शिकार बने मजदूरों ने अपनी पूरी आपबीती सुनाई। एक मजदूर ने बताया कि कैसे बर्फ का सैलाब मजदूरों के ऊपर टूट पड़ा।
अजीब सी गड़गड़ाहट सुन दहशत में आ गए सभी लोग
हिमस्खलन का शिकार बने पिंटू कुमार ने मीडिया को बताया कि सुबह के करीब 6 बजे का वक्त था। बाहर बर्फ पड़ रही थी। कैंप के अंदर सभी मजदूर अपने-अपने कंटेनरों में थे। अचानक ही अजीब सी गड़गड़ाहट सुनाई दी, जैसे कोई विशालकाय चीज टूटकर गिर रही हो। लगा कि हवा का झोंका होगा। लेकिन कुछ ही पलों में आवाज इतनी तेज हो गई कि दिल तेजी से धड़कने लगा। कोई बाहर जाने की हिम्मत भी नहीं कर रहा था। तभी कुछ लोग बाहर देखने के लिए निकले, तो वे भागो-भागो चिल्लाने लगे। उसने बताया कि मैंने तुरंत दरवाजा खोला और देखा पहाड़ की ऊंचाई से बर्फ का विशालकाय सैलाब हमारी तरफ गिरता चला आ रहा था। हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। जिसको जहां मौका मिला वो भागा, तब तक बर्फ का सैलाब हमारे ऊपर टूट पड़ा। फिर मुझे अचानक लगा कि मैं हवा में उछल गया हूं। इसके बाद में मुझे फिर कुछ भी याद नहीं, सेना के जवानों ने ही मुझे बर्फ से बाहर निकाला।