उत्तराखण्ड में प्रेस मान्यता पर बड़ी कार्रवाईः ऊधम सिंह नगर जिले के 29 पत्रकारों की मान्यता निरस्त, लिंक में देखें पूरी लिस्ट
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड सरकार ने प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात जिलों के कई प्रेस प्रतिनिधियों की जनपद स्तरीय मान्यता निरस्त कर दी है। यह कार्रवाई गोपनीय जांच आख्या में प्रतिकूल तथ्यों के सामने आने और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण के बाद की गई है।
महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि उत्तरांचल प्रेस प्रतिनिधि मान्यता नियमावली, 2001 के तहत 27 जनवरी 2026 को आयोजित विभागीय प्रेस मान्यता समिति की बैठक में वर्ष 2026 के लिए मान्यता नवीनीकरण पर विचार किया गया। समीक्षा के दौरान जिन पत्रकारों के संबंध में प्रतिकूल तथ्य पाए गए, उनकी मान्यता रद्द करने की संस्तुति की गई। इस निर्णय के तहत ऊधम सिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा और चमोली जिलों के प्रेस प्रतिनिधियों की जनपद स्तरीय मान्यता निरस्त कर दी गई है। खास तौर पर ऊधम सिंह नगर जिले के 29 पत्रकार इस कार्रवाई से प्रभावित हुए हैं। सरकार की इस कार्रवाई को लेकर पत्रकार जगत में हलचल तेज हो गई है। हालांकि विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय नियमावली के प्रावधानों और समिति की संस्तुति के आधार पर लिया गया है। अब देखना होगा कि प्रभावित पत्रकार इस फैसले के खिलाफ क्या कदम उठाते हैं और आगे की प्रक्रिया किस दिशा में बढ़ती है।
