खौफनाक हादसाः हाईवे पर बस और बोलेरो की जबरदस्त भिड़ंत! 10 लोगों की दर्दनाक मौत, पलक झपकते ही लगा लाशों का ढेर

प्रयागराज। यूपी से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां मिर्जापुर-प्रयागराज हाइवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल बताए जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक यहां बोलेरो और बस की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। घटना को लेकर डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ से महाकुंभ में श्रद्धालुओं को ले जा रही बोलेरो की बस से टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 12 बजे प्रयागराज-मिर्जापुर हाइवे पर थाना मेजा के अंतर्गत हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया है।
हालांकि, हादसा कैसे हुआ? इसके सही वजहों के बारे में पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम की तरफ से मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बस में सवार 19 श्रद्धालु जख्मी हो गए। सभी मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख भी जताया है। एक्स पर किए गए पोस्ट में उन्होंने जनपद प्रयागराज में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।