Good Morning India: वक्फ बिल का विरोध, देश के 8 राज्यों में सड़कों पर उतरे लोग! खतरा- फेक Aadhaar और PAN कार्ड बना रहा है AI, धामी सरकार ने 18 और नेताओं को बांटे दायित्व, जानें आज क्या रहेगा खास?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज प्रधानमंत्री मोदी थाईलैंड के बाद श्रीलंका दौरे पर पहुंचे। आज दूसरा दिन है। वे राष्ट्रपति दिसानायके से द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। वहीं आज IPL में दो मैच खेले जाएंगे। चेन्नई Vs दिल्ली का मैच दोपहर 3.30 बजे से चेन्नई में होगा। दूसरा मुकाबला पंजाब Vs राजस्थान के बीच शाम 7.30 बजे चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ विपक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। बिहार के किशनगंज से कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद और AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने याचिका लगाई है। बिल लोकसभा-राज्यसभा से पास हो चुका है। अब इसे राष्ट्रपति को भेजा जाएगा। उनकी सहमति के बाद यह कानून बन जाएगा। बिल के खिलाफ देश में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। पश्चिम बंगाल, गुजरात, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, असम में मुस्लिम सड़क पर उतर आए। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पुलिस हाई अलर्ट पर है। संभल जामा मस्जिद में नमाज के दौरान दिल्ली से आए 3 लोग मस्जिद के बाहर हवन करने पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर बैन लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा- यह नीतिगत मामला है। आप संसद से कानून बनाने के लिए कहें। यह हमारे दायरे से बाहर है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन का बिल नवंबर, 2024 में संसद से पारित हुआ था। पक्ष और विपक्ष दोनों ने इस बिल का समर्थन किया था। ऑस्ट्रेलिया ऐसा बिल पारित करने वाला दुनिया का पहला देश है।
उधर चांदी की कीमत में 3,047 रुपए की गिरावट हुई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 1 किलो चांदी 92,910 रुपए के भाव से बिकी। एक दिन पहले भी इसके दाम में 3,579 रुपए की गिरावट हुई थी। यानी, दो दिन में 6,626 रुपए सस्ती हुई है।
इधर प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश में जल्द चुनाव कराने की अपील की। साथ ही संबंधों को नुकसान पहुंचाने वाली बयानबाजी से बचने के लिए भी कहा है। दोनों नेता थाईलैंड पहुंचे थे। इस मुलाकात को लेकर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी।
उधर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। हालांकि, इसके साथ ही खतरा बढ़ गया है। आपको बता दें कि ChatGPT फेक Aadhaar और PAN कार्ड बना रहा है। कई यूजर्स ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है। OpenAI के लेटेस्ट AI मॉडल GPT-40 के जरिये फेक सरकारी आईडी बनाई जा रही है। ChatGPT फेक आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट और यहां तक कि वोटर आईडी कार्ड भी बना रहा है। हालांकि, अभी यह सिर्फ कुछ प्रसिद्ध हस्तियों के फर्जी दस्तावेज बना रहा है। लेकिन समय रहते इस पर एक्शन नहीं लिया गया तो यह बड़ा खतरा जरूर बना सकता है।
इधर देश के सबसे बड़े बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी जामनगर स्थित अपने निवास से गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर तक पदयात्रा (पैदल तीर्थयात्रा) पर निकले हुए हैं। लगभग 140 किलोमीटर की यह तीर्थयात्रा 10 अप्रैल को अपने 30वें जन्मदिन से पहले उनके धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा है। बागेश्वर धाम सरकार के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी अनंत अंबानी की इस पदयात्रा का हिस्सा बने हैं। धीरेंद्र शास्त्री नंगै पैर इस पदयात्रा में अनंत अंबानी के साथ शामिल हुए। इसका वीडियो भी सामने आया है।
उधर लखनऊ सुपरजायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हरा दिया है। मुंबई को 204 रन का लक्ष्य मिला था। मुंबई इंडियंस की टीम आखिरी 2 ओवर में 29 रन नहीं बना सकी। शार्दूल ठाकुर ने 19वें ओवर में महज 6 रन खर्च किए। वहीं आवेश खान ने आखिरी ओवर में 9 ही रन दिए।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी के 18 और कार्यकर्ताओं का दायित्व बांट दिए हैं। दायित्वों की यह दूसरी सूची है। भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल को नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इधर रुड़की के गांव बंजारेवाला में भूसे की झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने अपनी चपेट में तीन ट्रैक्टर को भी ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रैक्टर और भूसे की करीब छह से अधिक झोपड़ी जलकर राख हो चुकी थी।
उधर नैनीताल के धोबी घाट क्षेत्र में दो मंजिला घर में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग लगने से पूरा घर जल कर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने घर में आग लगने की सूचना पुलिस और दमकल कर्मियों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घर में लगी आग को बुझाया, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
इधर उत्तराखंड को शैक्षणिक कार्यों के लिए केंद्र सरकार से 883 करोड़ रुपए के बजट की सौगात मिली है. खास बात यह है कि ये बजट राज्य में व्यावसायिक शिक्षा को आगे बढ़ाने और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक शिक्षा से जुड़े कामों पर खर्च होगा. केंद्र की तरफ से वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य के लिए बजट की स्वीकृति दी गई है