नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, भारत दौरे पर आए ब्रिटिश राजगद्दी के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। वहीं दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पंजाब के जालंधर में डेरा सचखंड बल्लां के समीप स्थित रायपुर गांव से पार्टी की 'समरसता संकल्प यात्रा' को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मंगलवार को दक्षिणी रूस में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 17 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, An-12 सैन्य विमान एक स्थानीय हवाई अड्डे के पास, यागुनोवो गांव के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुआ। स्थानीय अधिकारियों और रूस के सरकारी चैनल 'रेन टीवी' के अनुसार, 17 नवंबर को रूस का एक An-12 सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 17 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना दक्षिण-पश्चिमी साइबेरिया के केमेरोवो ओब्लास्ट में यागुनोवो गांव के पास हुई। कुज़बास के गवर्नर इल्या सेरेड्युक ने बताया कि यह हादसा स्थानीय समयानुसार रात लगभग 9:30 बजे हुआ। सेरेड्युक ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर एक आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर) बनाया गया है, जहां चिकित्सा कर्मी, पुलिस, आपातकालीन सेवाएं और नेशनल गार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। 'रेन टीवी' की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के चालक दल ने आखिरी पल तक जलते हुए विमान को रिहायशी इलाकों से दूर ले जाने की कोशिश की।
इधर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाने वाली INDIA गठबंधन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई। राहुल गांधी समेत विपक्षी गठबंधन के नेताओं की ओर से दायर नई अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट अब 9 दिसंबर को सुनवाई करेगा। इस अर्जी में चुनाव आयोग से 48 सवालों के जवाब दिलाने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान INDIA गठबंधन की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने नई अर्जी का जिक्र करते हुए सुप्रीम कोर्ट से चुनाव आयोग को नोटिस जारी करने की मांग की। हालांकि, कोर्ट ने फिलहाल नोटिस जारी करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग पहले इस अर्जी पर अपनी आपत्तियां दाखिल कर सकता है। इसके बाद याचिकाकर्ताओं की पूछताछ की मांग पर सुनवाई की जाएगी और फिर आदेश पारित किया जाएगा। सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने अर्जी पर गंभीर आपत्तियां होने की बात कही। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया और मामले को 9 दिसंबर के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
उधर जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच नई मुठभेड़ शुरू हो गई है। ये मुठभेड़ कुलगाम जिले के जंगलपोरा में हो रही है। यह जगह उस स्थान से महज एक किलोमीटर दूर है जहां आतंकी हमला हुआ था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मानव खुफिया जानकारी से संकेत मिलता है कि लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर लतीफ भट वहां फंसा हुआ है। कुलगाम आतंकी हमले के बाद लतीफ की तलाश तेज कर दी गई थी। ये एनकाउंटर आतंकियों और जम्मू कश्मीर पुलिस-सुरक्षाबलों की ज्वाइंट टीम के बीच हो रहा है। 16 नवंबर को ही कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी मारा गया था और एक आतंकी के ट्रैप होने की खबर सामने आई थी। जम्मू कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया था। हाल ही में कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में 3 जवान घायल हुए थे। उसके बाद से इलाके में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था और आतंकियों की तलाश की थी।
इधर बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों पर गोपालगंज सदर पुलिस स्टेशन में आग लगाने का आरोप है। गोपालगंज शेख हसीना का पैतृक शहर है। इसके अलावा, इलाके में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के मौजूदा सांसद एस.एम. जिलानी के आवास को भी आग के हवाले कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, राजधानी ढाका के अलग-अलग इलाकों में भी आगजनी की घटनाएं हुई हैं। यहां कई बसों को आग लगा दी गई। वहीं, अवामी लीग की पूर्व सरकार में मुक्ति युद्ध मामलों के मंत्री रहे ए.के.एम. मोजम्मेल हक के घर में भी आग लगाए जाने की खबर है। इन घटनाओं के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि, फिलहाल आगजनी की इन घटनाओं में किसी के हताहत होने या नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
उधर मनीला में QUAD की बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री @narendramodi ने जगह दर्शाने के लिए रखे गए भारतीय तिरंगे को जमीन से उठाया और उसे अपनी जेब में रख लिया। पीएम मोदी ने कहा, यह एक छोटा सा कदम है, लेकिन यह तिरंगे के प्रति गहरे सम्मान को दर्शाता है। पीएम मोदी ने कहा, एक ऐसा ध्वज जो पूरे राष्ट्र के सम्मान, इतिहास और गौरव का प्रतीक है। पीएम मोदी ने घोषणा की-पहला क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम 2027 की मेजबानी करेगा भारत, मुंबई में होगा आयोजन। फिलीपींस से रवाना होने से पहले दिए गए एक बयान में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आसियान क्षेत्र के साथ भारत के संबंध, "भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' (Act East Policy) के केंद्र में हैं।" विदेश मंत्रालय ने बताया कि क्वाड बैठक में, प्रधानमंत्री मोदी ने "एक रचनात्मक और भरोसेमंद क्वाड साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया, जिसका उद्देश्य समुद्री सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, महत्वपूर्ण तकनीकों और आपदा प्रबंधन में सहयोग के जरिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और लचीलेपन को बढ़ावा देना है।"
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा एवं पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की। उन्होंने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसरों का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।
इधर अंकिता भंडारी के माता-पिता ने अब इस केस के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के भी नार्को टेस्ट और कॉल डिटेल के जांच करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी विनोद आर्य के गिरफ्तारी की मांग की थी। क्योंकि अंकिता भंडारी के हत्या के बाद विनोद आर्य अपने बेटे पुलकित आर्य को बचाने के लिए लगातार दिल्ली जा रहा था। अंकिता भंडारी के पिता का कहना है कि विनोद आर्य जिस तरह के उनकी बेटी पर आरोप लगा रहे है, उसके बाद अब वो विनोद आर्य को भी नहीं छोड़ेंगे। साथ ही उन्होंने वर्तमान में चल रही सीबीआई जांच के दौरान विनोद आर्य के नार्को टेस्ट की भी मांग उठाई है। पिता का कहना है कि अंकिता की हत्या के बाद उन्होंने सबसे पहले पुलिस से यहीं मांग की थी कि विनोद आर्य को गिरफ्तार किया जाए, लेकिन उस समय उनकी इस मांग को नहीं सुना गया। अंकिता भंडारी के पिता का कहना है कि विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस वार्ता कर उनकी बेटी के खिलाफ अनाप-शनाप बोला है। अंकिता भंडारी के पिता का साफ कहना है कि जब तक विनोद आर्य को लेकर उनकी मांग पूरी नहीं होती है, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।






