बधाईयांः सप्तऋषि पुरस्कार से नवाजे गए एरीज के इंजीनियर मोहित जोशी! भारत सरकार की ओर से पुणे में किया गया सम्मानित, पहले भी पा चुके हैं कई सम्मान

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के सीनियर इंजीनियर मोहित जोशी को आज रविवार को भारत सरकार की ओर से सप्तऋषि पुरस्कार से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पुणे में दिया गया। इस दौरान मोहित के अलावा देश की छह अन्य हस्तियों को यह सम्मान मिला है, जिसमें प्रो. सीएनआर राव, डॉ. जयंत नार्लीकर, डॉ. एसएल भैरप्पा, डॉ. एस अरूणन, डॉ. हिम्मतरावत बावस्कर, सीबी सोमपुरा का नाम शामिल है। बता दें कि मोहित जोशी को यह सम्मान युवाओं को विज्ञान के प्रति जागरूक करने व एरीज की योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए मिला है। मोहित जोशी पहले भी कई सम्मान पा चुके हैं। उन्होंने मशहूर टीवी शो केबीसी में लाखों रूपए का इनाम जीता था। वह गवर्नर एक्सीलेंस अवार्ड से भी सम्मानित हो चुके हैं। मोहित मूलरूप से नैनीताल जिले के उमागढ़ मल्ला रामगढ़ निवासी हैं। 2008 से उन्होंने एरीज में अपनी सेवा शुरू की और अभी तक कई दूरबीनों के निर्माण में योगदान दे चुके हैं। उनके पिता भुवन जोशी शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता धना जोशी ग्रहणी व पत्नी सुनीता जोशी शिक्षिका है। मोहित जोशी की इस उपलब्धि पर परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।