निकाय चुनावः टिहरी के चम्बा सीट से शोभनी धनोला को मैदान में उतारकर भाजपा ने सभी को चौंकाया! जानकार बोले- इसबार बदलेंगे समीकरण, भाजपा को मिलेगा फायदा

टिहरी (चम्बा)। उत्तराखण्ड में नामांकन के साथ ही निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। शुक्रवार देर रात भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने नगर पालिका और नगर पंचायत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। जिसके बाद चुनावी सरगर्मी तेज होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी पूरी तरह मैदान में उतर चुके है और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं।
भाजपा ने टिहरी के नगर पालिका परिषद चम्बा से शोभनी धनोला को मैदान में उतारा है। जिसके बाद धनोला के समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। यूं तो पालिका गठन के बाद अभी तक भाजपा चम्बा नगर पालिका के अध्यक्ष पद से दूर रही है, लेकिन इस बार शोभनी धनोला के मैदान में उतरने से यहां का मुकाबला रोमांचक होने के आसार बताए जा रहे हैं।
बता दें कि शोभनी धनोला, वरिष्ठ भाजपा नेता स्व. सत्ये सिंह धनोला की धर्मपत्नी हैं। बताया जाता है कि चम्बा टिहरी में भाजपा की बुनियाद रखने वालों में पहला नाम स्व. सत्ये सिंह धनोला का आता है। स्व. सत्येसिंह धनोला संघ और भाजपा के बुनियादी सदस्य रहे हैं और चम्बा में आज भी उनके परिवार की खास पकड़ है। यही कारण है कि भाजपा ने उनकी पत्नी शोभनी धनोला को मैदान में उतारा है।
चम्बा की राजनीति को करीब से जानने वालों के मुताबिक शोभनी धनोला को टिकट देकर भाजपा ने न केवल मजबूत प्रत्याशी को मैदान में उतारा है, बल्कि स्व. सत्येसिंह धनोला को बड़ा सम्मान भी दिया है, जिसका असर इस चुनाव में देखने को मिलेगा। जानकारों के मुताबिक चम्बा सीट पर धनोला परिवार की खासी पकड़ है ऐसे में चुनाव बेहद दिलचस्प हो सकता है, जिसका फायदा कहीं न कहीं भाजपा को मिल सकता है। फिलहाल शोभनी धनोला के नाम का ऐलान होने के बाद उनके प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिल रहा है।