देहरादून। देशव्यापी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तराखंड में डिजिटल स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया का विधिवत आगाज हो गया है। सोमवार, 16 नवंबर से शुरू हुई इस पहल के तहत प्रदेश के नागरिक 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक (एन्यूमरेटर) घर-घर जाकर भौतिक रूप से जनसंख्या गणना के महाअभियान को अंजाम देंगे। अभियान के शुभारंभ अवसर पर राज्य के शीर्ष नेतृत्व ने स्वयं आगे बढ़कर आमजन को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोकभवन में अपने-अपने परिवारों के साथ डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। इस मौके पर दोनों नेताओं ने प्रदेशवासियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कर्तव्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इसे सफल बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे प्राप्त होने वाले आंकड़े राज्य के भविष्य की विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में रीढ़ की हड्डी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पर्वतीय राज्य में जनसंख्या के सटीक और प्रामाणिक आंकड़ों का विशेष महत्व है। राज्य के दूरस्थ और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क संपर्क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय जरूरतों की विश्वसनीय जानकारी बेहद उपयोगी होती है। सटीक आंकड़ों से सरकार को विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और उपलब्ध संसाधनों का न्यायसंगत व बेहतर उपयोग करने में बड़ी सहायता मिलती है। मुख्यमंत्री ने जनगणना-2027 में आधुनिक डिजिटल तकनीक के समावेश को एक क्रांतिकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा मिलने से नागरिक अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे, जिससे न केवल इस प्रक्रिया में जनता की सीधी और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी, बल्कि सूचनाओं के संकलन में भी पारदर्शिता और सुगमता आएगी। सीएम धामी ने जोर देकर कहा कि जनगणना में दर्ज होने वाली प्रत्येक जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे 30 नवंबर की निर्धारित समयसीमा के भीतर स्वगणना अवश्य करें और 1 दिसंबर से घर-घर आने वाले प्रगणकों को भी पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
कैसे करें डिजिटल स्वगणना?
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत राज्य के हिमाच्छादित (बर्फबारी वाले) क्षेत्रों को छोड़कर संपूर्ण उत्तराखंड के नागरिक 16 से 30 नवंबर, 2026 तक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर लॉग-इन कर अपनी और अपने परिवार की स्वगणना कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़ों का सत्यापन और शेष परिवारों की गणना का कार्य पूरा करेंगे।






