बड़ी उपलब्धिः क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में पंत विवि को मिला 209वां स्थान! कुलपति ने दी शुभकामनाएं, कर्मचारियों की मेहनत को सराहा

रुद्रपुर। पंतनगर के गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ने क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग शैक्षणिक उपलब्धि में 200-250 के बीच 209 वां स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष विश्वविद्यालय ने क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में 311वां स्थान प्राप्त किया था, जोकि 300-350 के बीच था। विश्विद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग की घोषणा की गई। कहा कि यह उपलब्धि शिक्षण, शोध एवं प्रसार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय के निरंतर प्रयासों और समर्पण का परिणाम है। विश्वविद्यालय कृषि क्षेत्र में अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों को बढ़ाने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। साथ ही राष्ट्र और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी सहित विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी और कर्मचारियों को उनके निरंतर समर्थन और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कर्मचारियों की मेहनत से ही विश्वविद्यालय को यह स्थान मिला है।