बागेश्वरः पुलिस की बेरहमी! शख्स ने लगाए मारपीट के आरोप, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार

बागेश्वर। बागेश्वर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक शख्स ने पुलिस पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में जिलाधिकारी आशीष भटगाई और पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके से शिकायत की है। कपकोट निवासी उत्तम सिंह का कहना है कि उनका अपने परिवार के साथ विवाद हो गया था, जिसकी उनके बेटे द्वारा 112 में सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस उनके घर पर आई और उनको मारते हुए थाने तक ले गई। उनका कहना है उनकी मां द्वारा उनको बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस कर्मियों द्वारा उनकी मां को भी धक्का दिया गया, जिससे उनकी मां के पैर में चोट आई है। साथ ही थाने में भी उनके साथ पुलिस ने बेरहमी के साथ पिटाई की, जिससे उनको गंभीर चोट आई है। उत्तम सिंह ने उनके साथ मारपीट करने वाले पुलिस कर्मी और पीआरडी जवानों पर कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यवाही नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी है।