उत्तराखण्ड में एक और दर्दनाक हादसाः डंपर ने ई-रिक्शा को मारी जबरदस्त टक्कर! बाजू से कटकर अलग हुआ महिला का हाथ, कई लोग जख्मी

Another tragic accident in Uttarakhand: Dumper hits e-rickshaw! Woman's hand severed from her arm, many people injured

रुद्रपुर। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके वाहनों की रफ्तार में कमी नहीं आ रही है। ताजा घटनाक्रम ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा से सामने आया है, यहां आदित्यनाथ चौक पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाजपुर से बजरी लेकर जा रहे एक डंपर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा में सवार एक महिला समेत चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में महिला का एक हाथ बाजू से कटा और दूसरा हाथ कुचल गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल महिला की पहचान 35 वर्षीय राजकुमारी पत्नी संजीत निवासी पंजाबी मोहल्ला नई बस्ती वार्ड नंबर 16 किच्छा के रूप में हुई है। हादसे में उनका एक हाथ बाजू से कट गया, जबकि दूसरा हाथ कुचल गया। इसके अलावा उनकी दोनों आंखों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा सड़क क्रॉस कर रहा था तभी हादसा हो गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक गोविंद का बाएं पैर का अंगूठा कट गया है, जबकि दो अन्य घायलों को भी अस्पताल लाया जा रहा है। इधर हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना से लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।