गंगाजल ले जा रहे कांवड़िए को बाइक ने मारी टक्कर! गुस्साए शिव भक्तों ने लगाया जाम 

A Kanwadia carrying Gangajal was hit by a bike! Angry Shiva devotees blocked the road

जनपद ऊधम सिंह नगर में कांवड़ ले जा रहे कांवड़ियों को एक बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़िया घायल हो गया। गुस्साए कांवड़ियों ने एनएच जाम कर दिया। काफी समझाने के बाद कांवड़ियों से जाम खुलवाया गया। आरोपी बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर चल रहे कांवड़िए को आज सुबह ऊधम सिंह नगर जिले के पुलभट्ठा थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़िया घायल हो गया और उसकी कांवड़ भी खंडित हो गई। आनन फानन में कांवड़िए को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसका उपचार कर छुट्टी दे दी गई है। घटना से आक्रोशित कांवड़ियों ने एनएच-74 पर जाम लगा दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। कांवड़ियों का आरोप था कि प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की,जिसके चलते ऐसी घटनाएं हो रही हैं।  प्रदर्शन कर रहे कांवड़ियों ने जिला प्रशासन के जिम्मेदार अफसरों को मौके पर बुलाने और व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग की। सूचना मिलते ही एसडीएम कौस्तुभ मिश्र पुलिस के उच्चाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया।  काफी समझाने के बाद कांवड़ियों को गंतव्य की ओर रवाना किया,जिसके बाद प्रशासन की टीम ने राहत की सांस ली।