राहुल गांधी के बयान पर अजय भट्ट का पलटवार

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर-नैनीताल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के बुजुर्ग नेताओं का सम्मान नहीं किया। कहा कि जिन लोगों को भारत रत्न मिलना चाहिए था, उन्हें नहीं दिया गया।
वह सितारगंज व नानकमत्ता में अपने चुनाव प्रचार के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी भाजपा के सम्मानित नेता हैं। पार्टी ने कभी उनका अपमान नहीं किया। वह आज भी भाजपा के मार्ग दर्शक मंडल में शामिल हैं। कहा कि कांग्रेस नेता दुष्प्रचार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। राहुल गांधी को यह बताना चाहिए उन्होंने किसी कांग्रेस नेता को सम्मान दिया। कहा कि कांग्रेस में तमाम अनुभवी नेताओं के होने के बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का मौका क्यों नहीं दिया गया। क्या कांग्रेस में गांधी परिवार ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए योग्यता है? श्री भट्ट ने कहा कि आज कांग्रेस को अपनी हार सामने दिखाई दे रही है, जिससे कांग्रेस के नेता हताशा की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है। पाकिस्तान को उसके घर में घुस कर आतंकवाद का जवाब देने का दम रखती है और केंद्र सरकार ने यह करके दिखाया। कहा कि बेशर्मी की हद तो यह रही कि सेना के शौर्य और साहस की प्रशंसा करने के बजाय कांग्रेस नेताओं ने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे।
भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार ने आम जनता के हित में अनेक कल्याणकारी कदम उठाए। किसानों की चिंता की तथा किसानों को आर्थिक सहायता देने का फैसला किया। कहा कि किसानों को ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। महिलाओं के लिए उज्जवला योजना शुरू की तथा हर परिवार के उपचार के लिए आयुष्मान भारत के नाम से योजना शुरू की, जिसमें पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार का ऐलान किया गया। कहा कि देश में पहली बार गरीब सवर्णों को नौकरी में दस फीसदी आरक्षण तय किया गया। कहा कि अपनी नीतियों के चलते देश में भारी बहुमत से मोदी सरकार लौट कर आएगी। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।