भाजपा युवा मोर्चा की बाइक रैली

रुड़की। रुड़की व आसपास के क्षेत्रों में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से शनिवार को विजय संकल्प बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर रूड़की के नेहरू स्टेडियम से कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक व विधायक प्रदीप बत्रा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वहीं रैली में यातायात के नियमों की खुले रूप से धज्जियां उड़ाई गयी। बिना हेलमेट और एक बाइक पर तीन तीन युवक बैठे नजर आए। भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने सीपीयू और यातायात पुलिस भी बेबस नजर आई।

आपको बता दें कि भाजयुमो की ओर से विजय संकल्प महाबाईक रैली नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि आज हमारे देश के मजबूत नेतृत्व के कारण पाकिस्तान भी नतमस्तक है और अभिनन्दन को छोड़ना भी इसका परिचायक है। उन्होंने कहा कि हमारा देश युवाओ का देश है और सभी युवा एकबार फिर से 2019 में भाजपा को मजबूत बनाने का काम करें।

उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर एक बार फिर से 2019 में मोदी को प्रधानमंत्री बनाये और देश के विकास में भागीदार बने।