आधी हकीकत आधा फसाना- जीएमवीएन की तैयारियां

देवभूमि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा की सभी तैयारियां गढ़वाल मंडल विकास निगम ने भी पूरी कर ली है। यह दावा है गढ़वाल मंडल विकास निगम का। अब इसमें कितनी सच्चाई है ये तो यात्रा शुरु होने के बाद पता चलेगा।  दरअसल इस बार बड़े पैमाने पर हुई बर्फबारी से केदारनाथ और बदरीनाथ में विकास निगम की संपत्तियों को खासा नुकसान हुआ है। जीएमवीएन इस बार एक नई पहल शुरू करने जा रहा है। कॉरपोरेट सेक्टर्स और बड़े-बड़े शॉपिंग मॉल्स की तर्ज पर गढ़वाल मंडल विकास निगम भी मेंबरशिप कार्ड देने की तैयारी कर रहा है। गढ़वाल मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस में रुकने वाले यात्रियों को अब मेंबरशिप कार्ड दिया जायेगा। जिससे गेस्ट हाउस में रुकने वाले यात्रियों को पे-बैक प्वाइंट्स भी मिलेंगे। जिसके लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम ने टीम भी गठित कर दी है, जो मेंबरशिप कार्ड पर काम कर रही है। वहीं ज्यादा जानकारी देते हुए जीएमवीएन की प्रबंध निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जीएमवीएन से सरकार को अच्छा राजस्व प्राप्त होता है। इसलिए कोशिश की जा रही है कि नई टेक्नोलॉजी को अपनाया जाए। साथ ही कहा कि चुनाव का समय होने की वजह से उच्च अधिकारी और मंत्री से बात नहीं हो पाई है। लेकिन, जब हमारी टीम इस प्रोजेक्ट का खाका तैयार कर लेगी, तो उच्च अधिकारियों और मंत्री से सुझाव लेते हुए इसे लॉन्च किया जाएगा।