दर्दनाकः राजस्थान-छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसों में नौ की मौत! राजस्थान के जयपुर में महिला समेत पांच की मौत, छत्तीसगढ़ में चार जवानों की गई जान

Tragic: Nine people have died in tragic accidents in Rajasthan and Chhattisgarh! Five people, including a woman, died in Jaipur, Rajasthan, and four soldiers were killed in Chhattisgarh.

नई दिल्ली। राजस्थान और छत्तीसगढ़ से दुखद खबरें सामने आई हैं, यहां आज शनिवार को हुए सड़क हादसों में नौ लोगों की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार जयपुर की सीमा से लगे चाकसू इलाके में कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर टिगरिया मोड़ के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। इस हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चला रहे ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिस वजह से यह टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया, तब जाकर यातायात फिर से सामान्य हो सका। वहीं छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर खपरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार सभी जवान कार में सवार होकर जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। तभी आज खपरी के पास जवानों की कार पहुंची और सड़क किनारे खड़ी ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क हादसा होते देख आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। हादसे में जवान मुकेश कुमार, सौरभ तोमर, राजकुमार गोंड और हीरा लाल नागर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभियान राय नामक एक जवान गंभीर रूप से घायल है।