नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में एक बार फिर गुलदार (लेपर्ड) की चहलकदमी से स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है। शहर के घने रिहायशी इलाके में गुलदार की बेखौफ आवाजाही की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। लगातार हो रही इस हरकत से क्षेत्रवासियों में डर का माहौल व्याप्त है और उन्होंने वन विभाग से तत्काल सुरक्षा कदम उठाने की मांग की है।
नैनीताल में वन्यजीवों की रिहायशी इलाकों में आवाजाही ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के राजपुरा के समीप आबादी वाले क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। आधी रात को घरों के आसपास घूमते गुलदार की तस्वीरें सामने आने से लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने की मांग की है। राजपुरा के समीप रहने वाले दिलावर खान ने बताया कि उन्होंने जब अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो गुलदार की आवाजाही का पता चला। उनके अनुसार, पिछले महीने 27 तारीख को दोपहर करीब ढाई बजे पहली बार गुलदार कैमरे में दिखाई दिया था। इसके बाद 9 तारीख की रात करीब 2 बजकर 33 मिनट पर वह दोबारा उसी इलाके में नजर आया। सीसीटीवी फुटेज में गुलदार घर के पास निचले हिस्से में कुछ देर रुकता दिखाई देता है। इसके बाद वह ऊपर की ओर आता है और सड़क पर काफी देर तक चहलकदमी करता रहता है। रिहायशी क्षेत्र में गुलदार की बार-बार मौजूदगी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि रात के समय क्षेत्र में चौकीदारी करने वाले लोगों के साथ ही देर रात काम से घर लौटने वालों को भी खतरा बना हुआ है। गुलदार की आवाजाही के कारण लोग अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं। उन्हें आशंका है कि यदि समय रहते वन विभाग ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त कराई जाए और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए उचित कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को भय से राहत मिल सके। नैनीताल जैसे पर्यटन नगरी वाले क्षेत्र में वन्यजीवों की आबादी के आसपास आवाजाही सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। अब स्थानीय लोगों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।






