Awaaz24x7-government

बंगलूरू में पीएम मोदी ने दिया जय विज्ञान-जय अनुसंधान का नारा

PM Modi gave the slogan of Jai Vigyan-Jai Anusandhan in Bangalore

पीएम मोदी शनिवार सुबह बंगलूरू पहुंचे। पीएम मोदी हवाईअड्डे से सीधा इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क जाएंगे। यहां वे करीब एक घंटा रुकेंगे। इस दौरान पीएम चंद्रयान-3 के वैज्ञानिकों से मिलेंगे और उन्हें बधाई देंगे। 
 

दो देशों की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह बंगलूरू पहुंचे। हवाईअड्डे के बाहर नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जनता को संबोधित किया। संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने एक नया नारा दिया- ‘जय विज्ञान-जय अनुसंधान’। बंगलूरू पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि वह इसरो वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं। पीएम मोदी बंगलूरू में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो वैज्ञानिकों को बधाई देंगे। दरअसल, विक्रम लैंडर की लैंडिंग के वक्त पीएम मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर थे।

पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि देश के वैज्ञानिक जब देश को इतनी बड़ी सौगात देते हैं, इतनी बड़ी सिद्धी प्राप्त करते हैं तो यह दृश्य जो मुझे बंगलूरू में दिख रहा है, वही दृश्य मुझे ग्रीस में भी दिखा। जोहानिसबर्ग में भी दिखाई दिया। दुनिया के हर कोने में न सिर्फ भारतीय बल्कि विज्ञान में विश्वास करने वाले, भविष्य को देखने वाले, मानवता को समर्पित सब लोग इतने ही उमंग और उत्साह से भरे हुए हैं। आप लोग सुबह-सुबह इतने जल्दी यहां आए। छोटे-छोटे बच्चे, जो भारत के भविष्य हैं, वे भी इतने सुबह यहां आए हैं। लैंडिंग के वक्त मैं विदेश में था लेकिन मैंने सोचा था कि भारत जाते ही सबसे पहले बंगलूरू जाउंगा। भारत जाते ही सबसे पहले मैं वैज्ञानिकों को नमन करूंगा। यह समय मेरे संबोधन का नहीं है क्योंकि मेरा मन वैज्ञानिकों के पास पहुंचने के लिए बहुत उत्सुक है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि वह आसाधरण इसरो वैज्ञानिकों के साथ बात करने के लिए उत्सुक हैं। वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 की सफलता से भारत को गौरवान्वित किया है। पीएम ने ट्वीट में आगे कहा कि उनका समर्पण और जुनून असल में अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धि के लिए प्रेरक शक्ति है। जानकारी के अनुसार पीएम मोदी शनिवार सुबह बंगलूरू पहुंच गए हैं। पीएम मोदी हवाईअड्डे से सीधा इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) जाएंगे। यहां वे करीब एक घंटा रुकेंगे। पीएम मोदी इसरो मुख्यालय में वैज्ञानिकों से मुलाकात करेंगे और चंद्रयान-3 की सफलता के लिए वैज्ञानिकों को बधाई देंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार, नेता और कार्यकर्ता एचएएल हवाई अड्डे के बाहर और आईएसटीआरएसी के पास जलाहल्ली क्रॉस में पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद पीएम मोदी ने वर्चुअली इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि टीम चंद्रयान, इसरो और देश के सभी वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं, जिन्होंने इस घड़ी के वर्षों तक कड़ी मेहनत की। उत्साह-उमंग और आनंद के इस पल के लिए भारत के 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान करता हूं। देश के वैज्ञानिकों के कारण भारत ने इतिहास रचा है। भारत आज चंद्रमा के उस दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गया, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच सका है। इसरो के कारण अब चांद से जुड़े कई मिथक बदल जाएंगे। उन्होंने कहा था कि अब कहावतें भी बदल जाएंगी। पहले बच्चे कहा करते थे- चंदा मामा दूर के लेकिन अब वह दिन भी आएगा, जब बच्चे कहेंगे- चंदा मामा बस एक टूर के। प्रधानमंत्री मोदी 2019 में भी भारत के चांद मिशन चंद्रयान-2 की लैंडिंग देखने के लिए भी 6 सितबंर को बंगलूरू गए थे। हालांकि, लैंडिंग के दौरान चांद की सतह से करीब दो किलोमीटर पहले ही इसरो का लैंडर से संपर्क टूट गया था।