सीएम धामी के लिए विधायकी छोड़ने वाले पूर्व विधायक व उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का निधन 

Kailash Gahtodi, former MLA and Chairman of Uttarakhand Forest Development Corporation, who left legislature for CM Dhami, passes away.

सीएम धामी के लिए विधायकी छोड़ने वाले पूर्व विधायक व उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का आज प्रातः दून हॉस्पिटल देहरादून में निधन हो गया है। गहतोड़ी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। कैलाश गहतोड़ी  कैंसर से पीड़ित थे जिसका लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था 2022 में चंपावत से विधानसभा चुनाव जीते थे और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए उन्होंने अपनी सीट छोड़ी थी इसके बाद पार्टी  ने उन्हें वन विकास निगम की जिम्मेदारी दी थी। सीएम धामी व भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है। नेता प्रतिपक्ष आर्य ने गहतोड़ी के निधन पर शोक प्रकट किया। सीएम ने उनके निधन को निजी क्षति करार दिया। गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में खटीमा सीट से धामी के हारने के बाद चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी ने 21 अप्रैल 2022 को विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। बाद में गहतोड़ी को वन विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया था।


उत्तराखंड से आज सुबह एक दुखद खबर उस वक़्त सामने आई जब प्रदेश के वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश चंद्र गहतोडी का निधन हो गया। दिवंगत कैलाश गहतोड़ी पिछले काफी समय से कैंसर की बीमारी से ग्रस्त थे जिसका लगातार इलाज चल रहा था। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काशीपुर दौरे पर पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी के आवास पर पहुंचे थे। जिसके बाद उनको एयरलिफ्ट कर देहरादून ले जाया गया था। जहां मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इन दिनों कैलाश गहतोडी देहरादून यमुना कालोनी स्थित अपने सरकारी आवास में थे जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। कैलाश गहतोडी मूल रूप से चंपावत के निवासी थे। इन दिनों उन्होंने काशीपुर में ही अपना आवास बना लिया था। काशीपुर में वह गिरीताल रोड पर अपने बंगले में रह रहे थे। कैलाश गहतोडी के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। कैलाश गहतोड़ी के निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई श्री कैलाश गहतोड़ी जी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूँ । कैलाश जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूँ। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएँगे। एक विधायक के रूप में चम्पावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपसे मिला सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे। चम्पावत के विकास को लेकर जो आपके संकल्प थे उन्हें पूर्ण करने की दिशा में हम समर्पित होकर कार्य करेंगे। ईश्वर से पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।