दीपावली का पावन पर्व, जो अपने साथ उम्मीदों के दीये, रोशनी की चमक और अपनों के संग खुशियाँ बांटने का संदेश लेकर आता है, इस वर्ष देश के कई हिस्सों में खौफनाक और असहनीय त्रासदियों का गवाह बन गया। आतिशबाजी की चमक और उत्सव के उल्लास के बीच जब पूरा देश रोशनी में सराबोर था, तब कई घरों में जश्न का माहौल अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गया। पटाखों की चिंगारी, लापरवाही और शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की आगजनी की दर्दनाक घटनाओं ने देश को झकझोर कर रख दिया है। राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से सामने आए इन हादसों में कुल 23 लोगों की असामयिक मौत ने एक बार फिर हमारी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशीलता और त्योहार मनाने के तौर-तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देशभर में दीपावली का त्योहार जहां रोशनी, खुशियों और उत्साह के साथ मनाया जा रहा था, वहीं कई परिवारों के लिए यह रात जिंदगी का सबसे भयावह मंजर बन गई। पटाखों की चिंगारी, आतिशबाजी और शॉर्ट सर्किट जैसी वजहों से अलग-अलग राज्यों में आगजनी की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई। राजस्थान से लेकर दिल्ली, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तक आग की लपटों ने कई घरों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इन दर्दनाक हादसों में अब तक 23 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए और कुछ के लापता होने की खबर है। दीपावली की रात जहां आसमान आतिशबाजी से जगमगा रहा था, वहीं कई इलाकों में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। आगजनी की घटनाओं का सबसे भयावह असर मध्य प्रदेश में देखने को मिला। यहां अलग-अलग जिलों में आग की चपेट में आने से 13 लोगों की जान चली गई। कटनी जिले में एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महीने का नवजात और तीन मासूम बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। आग और धुएं के बीच परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। वहीं, सिवनी जिले में एक सराफा कारोबारी के घर में लगी आग ने छह लोगों की जिंदगी छीन ली। मृतकों में 16 वर्षीय किशोर भी शामिल है। इसके अलावा उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दो मंजिला मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के 10 सदस्य फंस गए। इस हादसे में 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। दमकल और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। महाराष्ट्र में भी दीपावली की रात आग ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। धाराशिव जिले में किराना दुकान के ऊपर बने मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुणे में रातभर में आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं। मुंबई के लोखंडवाला क्षेत्र में एक अन्य अग्निकांड में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि डोंगरी इलाके में आग ने झुग्गियों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। नागपुर में एक दोपहिया वाहन के शोरूम में आग लगने से कई वाहन जलकर राख हो गए। वहीं, ठाणे की 17 मंजिला इमारत में भी आग लगने की घटना सामने आई। हालांकि, यहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
राजस्थान के पाली जिले में पटाखों की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता बताए गए। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन भी जलकर राख हो गए। देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में आतिशबाजी के दौरान एक रॉकेट पटाखा सीधे 10 वर्षीय बच्चे के पेट में जा लगा। गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ के गोदाम में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके से भी आगजनी की सूचनाएं सामने आईं। आगजनी का सिलसिला देश के अन्य हिस्सों में भी जारी रहा। जम्मू के नेहरू मार्केट में आग लगने से 12 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। असम के जोनाई और सिक्किम की राजधानी गंगटोक में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद कई स्थानों पर आग पर काबू पाया। दीपावली की इन घटनाओं ने एक बार फिर पटाखों से होने वाले खतरों, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार की खुशियां मनाते समय जरा-सी लापरवाही किस तरह बड़ी त्रासदी में बदल सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण देशभर में देखने को मिला। जरूरत है कि आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन हो, संवेदनशील स्थानों पर दमकल व्यवस्था मजबूत रहे और रिहायशी इलाकों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी भयावह त्रासदी का सामना न करना पड़े।






