बिग ब्रेकिंगः लखनऊ से लेकर अयोध्या तक हाई अलर्ट! यूपी कीे कचहरियों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, अब एटीएस करेगी जांच
लखनऊ। यूपी से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां लखनऊ, अयोध्या सहित 18 जिलों की कचहरियों को बम धमाके की धमकी मिली है। सोमवार को एक बार फिर ईमेल आया, जिससे हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति ने विस्फोट करने की चेतावनी दी, जिससे कोर्ट परिसरों में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालकर सघन तलाशी अभियान चलाया। गौरतलब है कि इससे पहले बीते शुक्रवार को भी इसी तरह का मेल आया था, जिसके तार तमिलनाडु और महाराष्ट्र से जुड़े होने की आशंका है। अब यूपी एटीएस इस पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। बता दें कि धमकी भरे मेल आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को आए दूसरे मेल में धमाके का समय बदलकर 12ः15 बजे कर दिया गया था। सूचना मिलते ही लखनऊ कचहरी में वजीरगंज थाने की पुलिस और एटीएस ने घेराबंदी कर ली। हालांकि तलाशी में अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए पूरे परिसर को खंगाला जा रहा है। वजीरगंज थाने समेत सभी 18 प्रभावित जिलों में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सूत्रों के हवाले से खबर है कि यह धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु से भेजा गया था, जिसमें महाराष्ट्र का भी जिक्र किया गया है। चूंकि यह मामला सीधे तौर पर सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए शासन ने इसकी पूरी जांच यूपी एटीएस को सौंप दी है। कई एजेंसियां मिलकर इस ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुटी हैं। शुक्रवार को भी ऐसी ही धमकी के बाद कचहरी खाली कराई गई थी, जिससे अदालती कामकाज काफी प्रभावित हुआ था।