जानिए कहां पहाड़ी व्यंजनों का लुफ्त उठा पाएंगे तीर्थयात्री

केदारनाथ यात्रा आगामी 9 मई से शुरू हो रही है इसके लिए प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।इस बार देश दुनिया से केदारनाथ धाम आने वाले यात्री पहाड़ी व्यंजनों का लुफ्त उठा सकेंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है,यात्रियों को हाट बाजार में पहाड़ी व्यंजनों के साथ पहाड़ी संस्कृति के भी दर्शन कराए जाएंगे। इससे जहां देश दुनिया में पहाड़ी व्यंजनों की ब्रांडिंग होगी वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। तय हुआ है कि इस बार यात्रियों को भोजन में स्थानीय उत्पादन से बने पहाड़ी व्यंजन परोसे जाएंगे, इसके लिए केदारनाथ बेस कैंप में हाट बाजार बनाया गया है, और सभी दुकानें प्रशासन की ओर से स्थानीय युवाओं व व्यापारियों को आवंटित की गई हैं। इसके पीछे ध्येय यात्रियों को पहाड़ की संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना है। इसके अलावा पहाड़ में तैयार होने वाले विभिन्न उत्पादों की बिक्री के लिए भी केदारनाथ में हाट बाजार लगाया जाएगा| रुद्रप्रयाग जिले में दो हजार से अधिक महिला समूह के साथ महिला मंगल दल व अन्य संगठन गांव गांव जाकर पहाड़ी उत्पाद एकत्र कर रहे हैं इसके लिए प्रशासन की ओर से सोनप्रयाग व केदारनाथ में क्लेक्शन सेंटर भी बनाये गये हैं।