उत्तराखण्ड आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर,जीएमवीएन दे रहा ट्रैकिंग पैकेज पर 50 प्रतिशत तक की छूट।

उत्तराखंड में ऑफ सीजन में भी पर्यटकों को पहाड़ की तरफ आकर्षित करने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल विकास निगम ने ट्रैकिंग पैकेज में 30 से 50 फीसद तक छूट देने का निर्णय लिया है, इसके लिए निगम ने 21 बुग्याल ताल और बर्फीले क्षेत्र में लगे ट्रैक को सूचीबद्ध कर दिया है| निगम के इस फैसले से अब पर्यटक कम खर्च में पहाड़ की खूबसूरत वादियों का लुफ्त उठा सकेंगे| गढ़वाल मंडल विकास निगम चारधाम यात्रा के अलावा रिवर राफ्टिंग, प्रकृति पर्यटन और ट्रैकिंग पर भी जोर दे रहा है| निगम पहले कुछ ट्रैक रूट पर ही ट्रैकिंग करवाता था| मगर ट्रैकरों की बढ़ती मांग को देखते हुए निगम ने गढ़वाल मंडल के 21 नए ट्रैक पर ट्रैकिंग करने की योजना बनाई है| अगस्त से नवंबर तक इन ट्रैक रूटों पर ट्रैकिंग पैकेज लेकर सैर-सपाटा किया जा सकता है| निगम ने ट्रैकिंग पैकेज में ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से वाहन, होटल, हट्स, टैंट, गाइड, पोर्टर, खाने की व्यवस्था की जाएगी| इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को तय शुल्क जमा करना होगा| ट्रैकिंग पैकेज ग्रुप में भी दिया जाएगा|

ये हैं प्रमुख ट्रैकिंग रूट-

दयारा बुग्याल से बकरिया टॉप दूरी 13 किमी 05 दिन|

गुलाबीकांठा से सीमा थात दूरी 15 किमी 06 दिन|

चोपता से चंद्रशिला दूरी 24 किमी 04 दिन|

तालुका से हरकीदून दूरी 22 किमी 05 दिन|

घंघरिया से फूलों की घाटी दूरी 19 किमी 06 दिन|

मंदोली से रूपकुंड ट्रैक दूरी 36 किमी 07 दिन|

जुम्मा से द्रोणगिरी ट्रैक दूरी 46 किमी 08 दिन|

माणा से स्वर्गारोहिणी सतोपंथ दूरी 43 किमी 08 दिन|

गंगोत्री से खालिंदीखाल ट्रैक दूरी 114 किमी 11दिन|

घुत्तू से मयाली पास ट्रैक दूरी 93 किमी 10 दिन|

लाटा से पवालीकांठा दूरी 102 किमी 10 दिन|

यमुनोत्री से क्यारकोटी से सांकरी दूरी 102 किमी 13 दिन|

घाट से क्वारीपास से औली दूरी 66 किमी 08 दिन

गंगोत्री- तपोवन ट्रैक दूरी 28 किमी 07दिन|

संगमचट्टी से डोडीताल ट्रैक दूरी 22 किमी|

इन प्रमुख ट्रैक रूटों के साथ ही 7 किलोमीटर से लेकर 100 किलोमीटर दूरी तक के अन्य ट्रैक रूट भी हैं| इन पर  प्रतिव्यक्ति तीन हजार से दस हजार रूपये तक का बजट निगम ने तय किया है| इसमें आना जाना, खाना, रहना और गाइड आदि की भी व्यवस्था की गई है| पहले यह बजट दोगुना था|