उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड की खूबसूरत हरकीदून घाटी में बसा पवाणी गांव मंगलवार शाम एक भयावह अग्निकांड के बाद राख के ढेर में तब्दील हो गया। तहसील मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित इस दूरस्थ गांव में शाम लगभग साढ़े चार बजे एक घर से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घरों में रखे रसोई गैस सिलिंडरों के आग पकड़ने से लपटें इतनी बेकाबू हो गईं कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस भीषण हादसे में गांव के 33 से अधिक मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं, जिससे 58 परिवार सीधे तौर पर बेघर हो गए हैं। आग लगने के समय गांव के कई लोग मवेशियों के चारे के लिए जंगल से घास लेकर लौट रहे थे। गांव में धुआं और लपटें उठती देख ग्रामीण रास्ते में ही घास के गट्ठर फेंककर आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। बुधवार को भी पगडंडियों पर पड़े घास के ये गट्ठर ग्रामीणों पर टूटी इस अचानक आपदा की गवाही दे रहे थे। देखते ही देखते लोगों की जिंदगी भर की जमा पूंजी, खाद्यान्न, बर्तन, कपड़े और नकदी आग की भेंट चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मोरी से पुलिस, राजस्व विभाग, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया।
खुले आसमान के नीचे ठिठुरते बच्चे, बर्फबारी ने बढ़ाई मुसीबत
अग्निकांड के बाद पवाणी गांव से सामने आई तस्वीरें बेहद हृदयविदारक हैं। जो मासूम बच्चे कल तक अपने घरों के भीतर सुरक्षित रहते थे, वे बुधवार को राख हुए घरों के बाहर खुले आसमान के नीचे बैठकर भोजन करने को मजबूर दिखे। बेघर हुए 58 परिवारों ने हाड़ कंपा देने वाली ठंड में खुले में रात काटी। हिमालयी क्षेत्र में अधिक ऊंचाई पर स्थित होने के कारण पवाणी में अगले 10 से 15 दिनों में भारी बर्फबारी शुरू होने वाली है, जिसके बाद यह इलाका करीब चार महीने तक बर्फ से ढका रहता है। ऐसे में बिना छत और गर्म कपड़ों के इन परिवारों के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
मंत्री ने किया दौरा, त्वरित मदद की गुहार
बुधवार को आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने पवाणी गांव पहुंचकर अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। फिलहाल प्रभावित ग्रामीणों के सामने सिर छिपाने के लिए छत, तन ढकने के लिए गर्म कपड़ों और भोजन की तत्काल व्यवस्था करने की सबसे बड़ी चुनौती है। ग्रामीणों ने सरकार के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और आमजन से भी इस कठिन घड़ी में मदद के लिए आगे आने की गुहार लगाई है।

