उफ्फ ये गर्मीः रूला रहा मौसम, देशभर में लू का कहर! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, आगे और बिगड़ेंगे हालात

Uff this summer: The weather is making us cry, heat wave is wreaking havoc across the country! Meteorological Department issued alert, situation will worsen further

नई दिल्ली। देशभर में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आलम ये है कि कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके पार तक जा पहंुचा है। मौसम विभाग ने लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए रेड अलर्ट दिया गया है, जबकि बिहार और झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कई दिनों तक गर्म हवाओं का प्रकोप रहेगा। रविवार को देश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ओडिशा और रायलसीमा, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। बिहार, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने कहा कि गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इस महीने में लू चलने का यह दूसरा दौर है। पहले दौर में ओडिशा, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और गुजरात के कुछ हिस्सों में जबरदस्त गर्मी पड़ी थी। विभाग के अनुसार, रविवार को झारखंड के बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, ओडिशा के बारीपदा में 44.6 डिग्री सेल्सियस और पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और विदर्भ के वाशिम में 43.6 डिग्री दर्ज किया गया