नई दिल्ली। एशियाई पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिल रहा है। हांगझू में भारत ने आज 26 अक्टूबर की सुबह इतिहास रचा। हांगझू में प्रतियोगिता के चौथे दिन भारत के पदकों की संख्या 75 हो गई। इसमें 17 स्वर्ण, 21 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही भारत ने पिछले सभी एशियन पैरा गेम्स में जीते अपने पदकों की संख्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारत ने इससे पहले 2018 में जकार्ता एशियन पैरा गेम्स में सबसे ज्यादा 72 पदक जीते थे। गुरुवार 26 अक्टूबर को शॉटपुटर सचिन खिलारी ने देश के लिए सोना जीता। 34 साल के सचिन खिलारी ने स्वर्ण पदक जीतने के क्रम में 2018 में चीन के वेई एनलोंग द्वारा बनाए गए 15.67 मीटर के गेम्स रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि चीनी एथलीट सचिन के बाद दूसरे स्थान पर रहे।
इस स्पर्धा में दूसरे भारतीय एथलीट रोहित कुमार तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 14.56 मीटर का थ्रो किया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय निशानेबाज सिद्धार्थ बाबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता! सिद्धार्थ बाबू ने R6 मिश्रित 50 मीटर राइफल्स प्रोन SH-1 में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 247.7 का स्कोर बनाया, जो नया एशियाई पैरा गेम्स रिकॉर्ड भी है। सिद्धार्थ बाबू ने इसके साथ भारत के लिए पेरिस पैरालंपिक्स कोटा हासिल कर लिया।