गुड़ मॉर्निंग इंडिया: यूपी भाजपा में भगदड़! तीन दिन में तीन मंत्रियों का इस्तीफा, कांग्रेस ने खेला बड़ा दांव

Good Morning India: Stampede in UP BJP! Three ministers resign in three days, Congress played a big bet

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यकर्मों पर नजर डालते हैं। आज देश में मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। वहीं आज  आयुष मंत्रालय ग्लोबल सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित करेगा, इस दौरान 7.5 करोड़ लोग इसमे शामिल होंगे। वहीं आज अंडर-19 वर्ल्ड कप का उद्घाटन मैच होगा। वहीं भारत-साउथ अफ्रीका के बीच केपटाउन टेस्ट में चौथे दिन का खेल आज खेला जाएगा। अब अभी तक कि बड़ी खबरों पर नजर डालें। देश में गुरुवार को लगातार 8वें दिन 1 लाख और दूसरे दिन 2 लाख से ज्यादा नए कोरोना केस मिले हैं। 24 घंटे के दौरान 2.62 लाख नए केस मिले, जबकि 1.08 लाख मरीज ठीक हुए हैं। देश में कुल एक्टिव केस भी बुधवार के 11.09 लाख से बढ़कर 12.65 लाख हो गए हैं। अब तक देश में 3.65 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं।
उधर बंगाल के जलपाईगुड़ी में गुरुवार शाम 5 बजे बीकानेर एक्सप्रेस के 12 डिब्बे डोमोहानी के पास मैनागुड़ी में पटरी से उतर गए। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 45 से ज्यादा लोग घायल है। बहुत सारे यात्री डिब्बों में फंसे हुए हैं, जिन्हें रेस्क्यू करने के लिए ऑपरेशन जारी है। अंधेरे की वजह से बचाव अभियान में मुश्किल आ रही है।
वहीं यूपी चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद भाजपा में भगदड़ मची है। लगातार तीसरे दिन भाजपा के तीसरे मंत्री ने इस्तीफा दे दिया। गुरुवार को इस्तीफा देने वालों में मंत्री धर्म सिंह सैनी और 3 विधायक मुकेश वर्मा, विनय शाक्य और बाला प्रसाद अवस्थी शामिल हैं। कई अन्य के भी छोड़ने की अफवाह है।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो धर्म संसद में भड़काऊ एवं आपत्तिजनक भाषण देने के आरोप में पुलिस ने उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र नारायण त्यागी (पूर्व नाम वसीम रिजवी) को नारसन सीमा पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जितेन्द्र नारायण त्यागी वीरवार शाम डासना मंदिर गाजियाबाद के परमाध्यक्ष स्वामी यति नरसिंहानंद के साथ हरिद्वार आ रहे थे। इधर, उनकी गिरफ्तारी से नाराज स्वामी यति नरसिंहानंद हरकी पैड़ी के सर्वानंद घाट पर अन्न-जल त्यागने की घोषणा कर सत्याग्रह पर बैठ गए।
उधर कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन आज होने वाले मकर संक्रांति स्नान को प्रतिबंधित कर चुका है। हरकी पैड़ी और अन्य गंगा घाटों तक श्रद्धालु न पहुंच पाएं इसके लिए आधी रात बारह बजे से सभी मार्गों को सील कर दिया जाएगा। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन और आठ सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।