नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम और रैली में शिरकत करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, हरियाणा के रोहतक में खूनी गैंगवार हुई है। बुधवार को देर रात यहां मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें चार युवकों की हत्या कर दी गई है। यह वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई है। मृतकों में रिंकू पुत्र जगबीर वासी डिघल, विनित पुत्र जयबीर डिघल , गन्जू वासी डिघल और हिमांशु पुत्र राजबीर वासी बेरी शामिल है। जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में सवार पांच हथियारबंद बदमाश पहुचे थे। आरोपितों ने खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज से ढाबे पर मची भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए। तीन युवकों की खाने की टेबल पर ही मौत हो गई। जबकि, जान बचाकर भागे चौथे युवक को भी बदमाशों ने पीछा करके गोलियों से भून डाला। जिसके चलते उसकी भी मौत हो गई।
इधर मिस्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन प्रमुख रिंग रोड पर पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया। यह हादसा ग्रेटर काहिरा को जोड़ने वाले रिंग रोड पर गीजा के अल-वर्राक इलाके में एक सुरंग के ऊपर हुआ। यह मार्ग काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को प्रमुख राजमार्गों से जोड़ता है। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मिस्र में तेज रफ्तार, यातायात नियमों का कमजोर पालन और खराब सड़कें सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण माने जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में मिस्र सरकार ने यातायात का दबाव कम करने और तेजी से बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए नए राजमार्गों और पुलों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया है। हालांकि, इसके बावजूद देश में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।
उधर संसद के अगले सत्र को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को 15 दिसंबर से पहले संसद का सत्र बुलाए जाने की संभावना के मद्देनजर तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने मंत्रियों को सलाह दी है कि वे सत्र से पहले विदेश यात्रा करने से बचें और दिल्ली में उपलब्ध रहें। इससे संकेत मिल रहे हैं कि सरकार दिसंबर के पहले पखवाड़े में संसद का अगला सत्र बुला सकती है। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संसद के अगले सत्र का मुद्दा भी उठा। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 15 दिसंबर से पहले संसद का सत्र बुलाने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति सत्र शुरू होने की तारीख और उसकी अवधि को अंतिम रूप देगी। पीएम मोदी ने सत्र की तैयारियों की जरूरत पर जोर देते हुए मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों को आगामी सत्र के लिए तैयार रखने को कहा।
इधर मुंबई में आतंकियों के कत्लेआम की आज 18वीं बरसी है। साल 2008 में 26 से 29 नवंबर के बीच लश्कर-ए-तैयबा के 10 अतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी पर अटैक किया था। बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 2008 में हुये आतंकी हमलों के 18 साल बाद भी भारी रक्तपात की खौफनाक यादें लोगों के जेहन में आज भी ताजा हैं। उस दिन पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई आए लश्कर-ए-तैयबा 10 आतंकवादियों ने भारी हथियारों से हमला किया, जिसमें 166 लोगों की मौत हो गयी थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी थे। यह भारत के किसी शहर में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था। 26 नवंबर 2008 की रात शुरू हुए और 29 नवंबर की सुबह तक चले हमलों में कई प्रमुख जगहों को निशाना बनाया गया। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताजमहल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस (चाबड हाउस), लियोपोल्ड कैफे और कामा एंड एल्ब्लेस अस्पताल शामिल थे। भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सुनियोजित हमले किए, लोगों को बंधक बनाया और सुरक्षाकर्मियों के साथ लंबी गोलीबारी में उलझ गए। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उस काले दिन को याद करते हुए सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को सलाम किया है। एस जयशंकर ने एक्स पोस्ट में कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करें और उन बहादुर सुरक्षाकर्मियों को सलाम करें जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
उधर दिल्ली में बुधवार को गोलीबारी की 2 अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। न्यू उस्मानपुर इलाके में पुलिस मुठभेड़ के बाद बदमाश अमन गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पैर में गोली लगी है। वहीं, उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में युवकों के बीच झगड़े के दौरान गोली चलने से 20 साल का एक युवक घायल हो गया। दोनों घटनाओं में पुलिस जांच कर रही है। लाहौरी गेट मामले में गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में यमुना खादर के पास दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम और बदमाश अमन गुर्जर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही अमन ने गोली चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अमन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस टीम बदमाश की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घायल अमन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
इधर झारखंड के गुमला में 2 महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों महिलाओं के पति सगे भाई हैं। आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नियों की हत्या कर शवों को सिमडेगा जिले के बीरू जंगल में दफना दिया। बुधवार शाम गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल से दोनों शव बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मृत महिलाओं की पहचान गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 साल की मिनी प्रिया और 20 साल की राधिका कुमारी के रूप में हुई है। मिनी प्रिया की शादी शिव शंकर साहू से हुई थी, जबकि राधिका कुमारी का पति नवीन साहू है। दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों दंपतियों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते है, अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर बुधवार सुबह से देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर आखिरकार पुलिस ने थाना राजपुर देहरादून में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। इसके बाद मुकदमे को आगे की कार्रवाई के लिए नगर कोतवाली हरिद्वार पुलिस को भेज दिया गया है। आरोप है कि अंकिता भंडारी और उनके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप चैट को सार्वजनिक कर उनकी निजता और गरिमा को ठेस पहुंचाई गई। अंकिता की माता सोनी देवी और पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी की ओर से 22 नवंबर 2026 को पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि, अंकिता हत्याकांड के मुकदमे की सुनवाई के दौरान अंकिता और उनके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई व्हाट्सएप चैट को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में संकलित किया गया था। इन चैट में दोनों के बीच हुई निजी बातचीत भी शामिल थी।
इधर उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अपना सियासी हमला तेज कर दिया है। प्रदेशभर में पखवाड़ेभर तक चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के बाद अब पार्टी आज 26 नवंबर को बड़े प्रदर्शन की तैयारी में है। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को 'भाजपा के भ्रष्टाचार की पोटली लेकर लोकभवन कूच' नाम दिया है। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन के जरिए प्रदेशभर के लोगों की आवाज राज्यपाल तक पहुंचाई जाएगी और सरकार को कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा। कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए राज्यपाल के माध्यम से प्रदेश सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करेगी। पार्टी का कहना है कि सरकार के कार्यकाल में सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी। भाजपा सरकार की नीतियों, कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।






