आस्थाः बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व आज! धर्मनगरी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जानें क्या है खास महत्व

हरिद्वार। हरिद्वार में आज बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। इस दौरान पावन स्नान करने के लिए दूर-दराज से लोग यहां पहुंचे हैं और आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। वहीं बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर पुलिस महकमा भी अलर्ट मोड पर है। इस दौरान पुलिस द्वारा यातायात रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। मान्यता है कि आज ही के दिन बुद्ध का जन्म हुआ था और इसी दिन बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। आज ही बुद्ध का महानिर्वाण भी हुआ था। पौराणिक मान्यता के अनुसार आज ही के दिन भगवान कृष्ण ने सुदामा को विनायक उपवास रखने का महत्व बताया था और भगवान ने नृसिंह अवतार लिया था। बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान कर पूजन करने से असीम पुण्य का लाभ मिलता है। वैशाख में शुक्ल पक्ष की पूर्णमासी के दिन बुद्धावतार इस धरती पर अवतरित हुए थे और आज ही उनको बुद्धत्व यानी ज्ञान प्राप्ति हुई और आज ही के दिन उनका शरीर पूर्ण हुआ था। इस कारण से बौद्ध धर्म को मानने वाले लोगों के लिए भी पर्व खास है। आज के दिन सबसे अधिक महत्व गंगा स्नान का बताया गया है और दान पुण्य करने से हर मनोरथ पूरे होते हैं। आज के दिन स्नान मात्र से कई दोषों से मुक्ति मिल जाती है।