हल्द्वानी। शहर में एक दुखद घटना सामने आई है। बिड़ला स्कूल में कक्षा दसवीं में पढ़ने वाले छात्र रुद्र की अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रुद्र पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम हल्द्वानी डॉ. मनोज कांडपाल और महिला चिकित्सालय हल्द्वानी की वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऐश्वर्या कांडपाल के पुत्र थे।
घटना की सूचना मिलने पर मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस को छात्र के पास से एक हस्तलिखित नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में छात्र ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए माता-पिता और परिवार के प्रति स्नेह जताया है। साथ ही उसने किसी अन्य व्यक्ति को अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराने की बात लिखी है। हालांकि, नोट की वास्तविकता और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।

