बड़ी खबरः देश में बढ़ा H3N2 वायरस का खतरा! अबतक 9 लोगों की मौत, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा असर

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में H3N2 वायरस का खतरा बढ़ता जा रहा है। खबरों की मानें तो इस वायरस से देश में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। वहीं वायरस का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में है। यहां अब तक स्वाइन फ्लू और H3N2 के कुल 352 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें H3N2 से पीड़ित मरीज 58 मरीज हैं। BMC के मुताबिक मुंबई में 32 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 4 मरीज H3N2 और 28 H1N1 के मरीज हैं। इन सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। राज्य में इन्फ्लूएंजा H3N2 के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। गुजरात के वडोदरा में भी H3N2 वायरस से 58 साल की एक महिला की मौत का दावा किया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं  दिल्ली के LNJP अस्पताल में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां नए केस को देखते हुए बेड और डॉक्टरों की सुविधा बढ़ाई जा रही है। इधर पुडुचेरी में एहतियात के तौर पर सभी स्कूल 16 से 26 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। असम में भी बुधवार को H3N2 वायरस का एक मामला सामने आया है। खबरों की मानें तो महाराष्ट्र में इस वायरस से अब तक दो लोगों की मौत हुई है। इनमें अहमदनगर में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा एक युवक पिछले हफ्ते अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए अलीबाग गया था। वहां से लौटने के बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने बताया कि H3N2 वायरस से संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है और अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि H3N2 वायरस जानलेवा नहीं है और इसे इलाज के जरिए ठीक किया जा सकता है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।