रोहतक। हरियाणा के रोहतक के मिलन ढाबा चौहरे हत्याकांड का 52 सेकंड का वीडियो सामने आने के बाद इस सनसनीखेज वारदात की भयावहता और हमलावरों की बेखौफी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वारदात के तीसरे दिन सामने आए इस फुटेज में दिख रहा है कि हथियारबंद हमलावर किस तरह बेरोकटोक ढाबे के भीतर दाखिल हुए और महज चंद सेकंड में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर चार लोगों की जान ले ली।
रोहतक में मिलन ढाबे पर हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। वारदात के तीन दिन बाद सामने आए 52 सेकंड के वीडियो में हमलावरों की बेखौफ करतूत साफ दिखाई दे रही है। दो गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने ढाबे पर खाना खा रहे युवकों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। महज 12 सेकंड के भीतर तीन युवकों को गोलियों से छलनी कर दिया गया। इसके बाद हमलावरों ने पहली मंजिल पर छिपे एक अन्य युवक को भी खोजकर मौत के घाट उतार दिया। इस पूरी वारदात में चार लोगों की जान चली गई, जबकि ढाबे पर मौजूद अन्य लोगों ने टेबलों के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। सामने आए सीसीटीवी वीडियो के अनुसार, हमलावर अचानक ढाबे के अंदर दाखिल होते हैं और दरवाजे के पास खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देते हैं। गोलीबारी इतनी अचानक और तेज थी कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हमलावरों ने विनित, यश और रिंकू को निशाना बनाया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हमलावर बाहर निकल गए। वीडियो में आगे दिखाई देता है कि बेरी निवासी हिमांशु गोलीबारी के दौरान दहशत में आकर ऊपर कमरे में छिप जाता है। इसी दौरान एक हमलावर की नजर उस पर पड़ जाती है। वह अपने साथियों को आवाज देकर बुलाता है। इसके बाद हमलावर पहली मंजिल पर पहुंचते हैं और हिमांशु पर गोलियां चला देते हैं। इस तरह चौथे युवक की भी हत्या कर दी जाती है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिमांशु का किसी गैंग से संबंध नहीं था। वह केवल ढाबे पर खाना खाने आया था। बताया जा रहा है कि हमलावर रिटौली निवासी सन्नी को तलाश रहे थे। संदेह के आधार पर उन्होंने हिमांशु को सन्नी समझकर निशाना बना लिया। हालांकि इस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। मामले में डीघल निवासी मन्नु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई रिंकू (27) गांव के विनित और हर्ष उर्फ राजू के साथ रिटौली निवासी सन्नी के संपर्क में रहता था। गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ की गांव के अंकित उर्फ बाबा और सन्नी के साथ पुरानी रंजिश बताई जा रही है। अंकित जेल में है, जबकि उसका छोटा भाई सन्नी जमानत पर बाहर है। बताया गया कि बुधवार रात करीब एक बजे रिंकू, विनित और हर्ष अपने साथियों के साथ खरावड़ के पास मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर छह-सात हथियारबंद बदमाश पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वारदात के समय ढाबे पर 50 से अधिक लोग मौजूद बताए जा रहे हैं। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे परिसर में भगदड़ मच गई। ग्राहक और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए। चार हत्याओं को अंजाम देने के बाद हमलावर दोनों गाड़ियों में सवार होकर दिल्ली की तरफ फरार हो गए। वीडियो में एक युवती भी बाहर निकलती दिखाई दे रही है। उसके सन्नी की मुखबरी करने का संदेह जताया जा रहा है, लेकिन इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस हत्याकांड ने एक बार फिर गैंगवार, अवैध हथियारों और सार्वजनिक स्थानों पर आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने अब हमलावरों की गिरफ्तारी के साथ वारदात की पूरी साजिश और चौथे मृतक की हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा करने की चुनौती है।






